Showing posts with label क्रोध. Show all posts
Showing posts with label क्रोध. Show all posts
Tuesday, 2 April 2013
क्रोध
एक बार श्री कृष्ण बलदेव एवं सात्यकि रात्रि के समय रास्ता भटक गये !
सघन वन था ; न आगे राह सूझती थी न पीछे लौट सकते थे !निर्णय हुआ कि घोड़ो को बांध कर यही रात्रि में विश्राम किया जाय !तय हुआ कि तीनो बारी-बारी जाग कर पहरा देंगे !
सबसे पहले सात्यकि जागे बाकी दोनो सो गये !एक पिशाच पेड़ से उतरा और सात्यकि को मल्ल-युद्ध के लिए ललकारने लगा !पिशाच की ललकार सुन कर सात्यकि अत्यंत क्रोधित हो गये !
दोनो में मल्लयुद्ध होने लगा !जैसे -जैसे पिशाच क्रोध करता सात्यकि दुगने क्रोध से लड़ने लगते !सात्यकि जितना अधिक क्रोध करते उतना ही पिशाच का आकार बढ़ता जाता !मल्ल-युद्ध में सात्यकि को बहुत चोटें आईं !
एक प्रहर बीत गया अब बलदेव जागे !सात्यकि ने उन्हें कुछ न बताया और सो गये !बलदेव को भी पिशाच की ललकार सुनाई दी !बलदेव क्रोध-पूर्वक पिशाच से भिड़ गये !लड़ते हुए एक प्रहर बीत गया उनका भी सात्यकि जैसा हाल हुआ !
अब श्री कृष्ण के जागने की बारी थी !बलदेव ने भी उन्हें कुछ न बताया एवं सो गये !श्री कृष्ण के सामने भी पिशाच की चुनौती आई !पिशाच जितने अधिक क्रोध में श्री कृष्ण को संबोधित करता श्री कृष्ण उतने ही शांत-भाव से मुस्करा देते ;पिशाच का आकार घटता जाता !अंत में वह एक कीड़े जितना रह गया जिसे श्री कृष्ण ने अपने पटुके के छोर में बांध लिया !
प्रात:काल सात्यकि व बलदेव ने अपनी दुर्गति की कहानी श्री कृष्ण को सुनाई तो श्री कृष्ण ने मुस्करा कर उस कीड़े को दिखाते हुए कहा -यही है वह क्रोध-रूपी पिशाच जितना तुम क्रोध करते थे इसका आकार उतना ही बढ़ता जाता था !पर जब मैंने इसके क्रोध का प्रतिकार क्रोध से न देकर तो शांत-भाव से दिया तो यह हतोत्साहित हो कर दुर्बल और छोटा हो गया !अतः क्रोध पर विजय पाने के लिये संयम से काम ले !
क्रोधान्ध
एक दिन राजा वीर सिंह शिकार खेलते हुए घने जंगल में भटक गए. जंगल से बाहर निकलने की कोई राह न सूझ रही थी. उनके साथ उनका पालतू बाज भी था जो राह दिखाने में मदद नहीं कर पा रहा था. इस बीच राजा बहुत थक गए और प्यास से बेहाल हो गए. आस-पास पानी का कोई स्त्रोत नहीं दिख रहा था.
तभी राजा ने देखा दो चट्टानों के बीच से रिस कर पानी आ रहा था.
पानी एकत्र करने के लिए राजा ने एक प्याला वहां रख दिया. प्याला जब पानी से भर गया तब प्याला उठा कर राजा ने मुंह से लगाना चाहा. उसी समय उनके कंधे पर बैठे बाज ने चोंच मार कर वह प्याला गिरा दिया. सारा पानी बिखर गया. राजा ने प्याला फिर से भरने के लिए रिसते हुए पानी के नीचे रख दिया. दुबारा भी बाज ने पानी गिरा दिया. राजा को क्रोध आया लेकिन वह बाज उन्हें बडा प्रिय था. राजा ने फिर से प्याला पानी से भरा और पीने के लिए मुंह तक ले गया. लेकिन बाज ने फिर पानी गिरा दिया. राजा प्यास से पहले ही बेहाल था.
बाज के बार-बार पानी गिराने से वह इतना क्रोधित हो गया कि आव देखा न ताव, बाज को मार डाला. अचानक तभी राजा की निगाह चट्टान के ऊपर पड़ी. वहां एक भयंकर विषैला सर्प दबा हुआ था. उसी के ऊपर से होकर विषैला पानी रिस कर आ रहा था.
क्रोधान्ध राजा ने अपने ही प्राण रक्षक की ह्त्या कर दी थी जिसका पछतावा उसे आजीवन रहा.
ज़िंदगी की सीख :
क्रोध में लिए में लिये गए निर्णय पर अक्सर बाद में पछताना पड़ता है.
Subscribe to:
Posts (Atom)